श्री गंगा होटल में एक के बाद एक चैंबर में उतरे लोग फंसे, बचाने पहुंचे दो अन्य की भी तबीयत बिगड़ी; मृतकों के परिजनों को सरकार और होटल संचालक देंगे 30-30 लाख रुपए
उज्जैन। उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। चैंबर में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चैंबर की सफाई के लिए एक व्यक्ति अंदर उतरा था, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सका। उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी एक-एक कर चैंबर में उतरते गए और अंदर फंसते चले गए। इस दौरान दम घुटने से चार लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के दिए निर्देश
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपए और होटल संचालक की ओर से 30-30 लाख रुपए दिए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
होटल के चैंबर की सफाई के दौरान हुए इस हादसे ने सीवर और बंद टैंकों की सफाई में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे बंद स्थानों में जहरीली गैसों और ऑक्सीजन की कमी का खतरा रहता है। बिना गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन और जरूरी सुरक्षा उपकरणों के अंदर उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
हादसे की परिस्थितियों और सुरक्षा इंतजामों की जांच के बाद ही घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
